टिक्कर में गहराया रसोई गैस संकट

रोहड़ू(सुन्दर औक्टा)टिक्कर पंचायत में रसोई गैस के लिए हाहाकार मच गई है। लोगों को ढाई माह से रसोई गैस नहीं मिल रही है। वहीं, लकड़ी भी न मिलने से पंचायत के करीब आठ गांवों के लोगों को चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने सरकार से शीघ्र रसोई गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
टिक्कर पंचायत के गुजांदली, थाना, टिक्कर, खांगटा, कशैणी सहित करीब आठ गांव के लोग रसोई गैस के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में न तो मिट्टी तेल की आपूर्ति होती है, न ही गांव के लोगों के पास चूल्हे जलाने के लिए लकड़ी है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को खाली गैस के सिलेंडर लेकर 30 किलोमीटर दूर रोहड़ू बस में बैठ कर गैस एजेंसी पहुंचना पड़ रहा है। वहां पर भी गैस उपलब्ध न होने के बाद लोग निराश लौट रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गिरधारी लाल जनारथा ने बताया कि बिजली न होने पर कई लोग समय पर भोजन नहीं पका पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति निगम के अधिकारियों से लोग दो माह से गैस आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। लोगों को अभी तक गैस नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर गैस नहीं पहुंची तो लोग कड़े कदम उठाने के लिए मजबूर हो जाएंगे । उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति निगम से टिक्कर पंचायत के सभी गांवों के लिए रसोई गैस उपलब्ध करवाने की मांग की है।
इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति निगम के बिक्री पर्यवेक्षक जोगेंद्र सारटा ने कहा कि टिक्कर में लोगों को गैस पहुंचाने के आदेश कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चौबीस घंटे के अंदर रसोई गैस उपलब्ध हो जाएगी।

Related posts