टिकट चाहिए तो 1700 लोगों से मिलो

ऊना। आगामी लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर सियासी पारा चढ़ गया है। देश के दिल दिल्ली में एक झटके में सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी में भी टिकट झटकने के लिए होड़ लगी है। आम आदमी पार्टी ने भी उम्मीदवारी के लिए शर्त रखी है। शर्त के अनुसार टिकटार्थी को संसदीय हलके के 17 विधानसभा क्षेत्रों से 1700 लोगों की सूची तैयार कर गठित फोर्म को सौंपनी होगी।
इसमें प्रत्येक विधानसभा हलके से 100 लोगों के नाम होंगे, जो संबंधित टिकटार्थी के समर्थक हों। सूची में इन समर्थकों का पूरा नाम, पता और दूरभाष नंबर समेत अन्य जानकारी होगी। यदि एक संसदीय हलके से 20 लोग टिकट की दौड़ में हैं तो हलके से 34000 लोगों के नाम और दूरभाष नंबर पार्टी के पास पहुंचेंगे। पार्टी का मानना है कि 34000 लोगों में प्रत्येक के साथ यदि तीन लोग जुड़े हैं तो इससे पार्टी के साथ सीधे एक लाख से अधिक लोग जुड़ जाएंगे। पार्टी में दिग्गजों के शामिल होने की रफ्तार को भी पार्टी पदाधिकारी पार्टी के लिए शुभ संके त मान रहे हैं। ऊना जिले में ही विधानसभा चुनाव लड़ चुके एडवोकेट संजीव फांडा, प्रमोद कुमार, केजी पराशर, राम कृष्ण संधू, एसडी भरवाल, लोक सभा चुनाव लड़ चुके सुभाष शर्मा और भगवान दास जस्सल समेत अन्य आप के साथ हो गए हैं। पिछले विस चुनाव में नामांकन भरने के बाद नाम वापस लेने वाले डा. चमन सिंह चौहान भी आप पार्टी में हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि एक सांसद, एक विधायक और एक पूर्व मंत्री भी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मिले। इन्हें भी संसदीय हलके से 1700 लोगों की सूची देने को कहा है। जिनमें एक ने कांगड़ा जिले में सूची तैयार करने को कसरत भी शुरू कर दी है।
सूत्र बताते हैं कि हमीरपुर संसदीय हलके से डा. चमन सिंह चौहान ने भी 11 विस हलकों से सूची तैयार कर ली है। ऊना जिले के पांच हलकों समेत कुल छह हलकों में सूची तैयार करने को कसरत जारी है। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कौंसिल के सदस्य संदीप संदल ने कहा कि 1700 समर्थकों के नाम पते और दूरभाष नंबर जुटाने की शर्त सभी टिकटार्थियों के लिए रखी गई है। यह लिस्ट गठित फोरम के जरिये दिल्ली जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कोई भी मुलाकात कर सकते हैं और पार्टी की सदस्यता पाने के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

Related posts