टाहलीवाल में चोरों ने लगाई सेंध

टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल में शनिवार सुबह एक बार फिर चोरों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। ताजातरीन घटना में चोरों ने एक कपड़े की दुकान के शटर तोड़ कर 15 हजार रुपये के कपड़े चुराए हैं। टाहलीवाल बाजार में चार दिन के भीतर यह दूसरी वारदात है। चार दिन पहले चोरों ने तीन दुकानों के शटर तोड़कर हजारों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया था। सिलसिले बार हो रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कपडे़ की दुकान के मालिक बलदेव चंद ने बताया कि सुबह पौने पांच बजे उन्हें टाहलीवाल में रात्रि गश्त करने वाले पुलिस कर्मचारियों ने फ ोन कर सूचित किया कि उनकी दुकान से चोराें ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है और पुलिस वालों ने चोरों का पीछा भी किया। लेकिन, चोर साथ सटे खेताें की ओर भाग निकलने में कामयाब हो गए। एक पुलिस वाले ने इसी भागदौड़ में अपना मोबाइल खो दिया। दुकानदार ने बताया कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए थे। वहीं इस दुकान के साथ सटी एक टेलर की दुकान में भी चोरों ने सेंधमारी का प्रयास किया। लेकिन, ताला न टूटने के कारण वहां पर चोरी करने में कामयाब नही हो पाए। कुछ दिन पूर्व ही चोराें ने टाहलीवाल की मार्केट में तीन दुकानों पर चोरी की थी और एक सब्जी की दुकान से नकदी सहित अन्य सामान पर हाथ साफ किया था। पुलिस की रात्रि गश्त के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद है और आए दिन चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। जिससे व्यापार वर्ग के साथ-साथ अन्य लोगों में भी भय का माहौल बना हुआ है। हरोली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस चौकी खोलने की मांग
टाहलीवाल के दुकानदारों संजीव कुमार, रामसागर, कमल शर्मा, तनुज राणा, दर्शन सिंह, विपिन राणा, अजय कुमार, विपिन शर्मा, काला, राम वशिष्ठ ने प्रशासन से मांग की है कि टाहलीवाल में जल्द से जल्द पुलिस चौकी खोली जाए। जिससे चोरी एवं अन्य अप्रिय घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Related posts