
टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के बाथड़ी स्थित हिमालय क्राफ्ट उद्योग में शनिवार को अचानक आग लग गई। भीषण आग में लाखों की कीमत का बालन धू-धू कर जल गया। हालांकि, घटना के दौरान उद्योग सहित साथ लगती अन्य औद्योगिक इकाइयों को बचा लिया गया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर भीषण आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर दोपहर अचानक हिमालय क्राफ्ट उद्योग के एक भाग में बॉयलर की भट्ठी के लिए प्रयोग किए जाने वाले बालन में आग की लपटें उठनी शुरू हो गई और पूरा आसमान धुएं से भर गया। इससे साथ लगती औद्योगिक इकाइयों के कामगारों में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। कामगारों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भीषण लपटों के आगे हर कोई असमर्थ था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। दमकल विभाग की एक गाड़ी पंजाब के कस्बा नंगल से मंगवानी पड़ गई। आग से उद्योग में रखा लाखों का बालन राख हो गया। उधर, दमकल विभाग के प्रभारी कमल स्वरूप ने बताया कि कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया है। उधर, हरोली थाना के एसएचओ महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
