टास्क फोर्स बनाकर डालें छापे

ऊना। ‘अमर उजाला’ की ओर से सोमवार के अंक में प्रतिबंध के बावजूद जिला भर में हो रहे अवैध का भंडाफोड़ करने के 24 घंटे के भीतर जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है।
जिला दंडाधिकारी अभिषेक जैन ने सोमवार को यहां खनन को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने अवैध खनन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया कि इसे कतई बर्दाश्त नहीं होगा किया जाएगा और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें छापेमारी एवं औचक कार्रवाई कर अवैध खनन पर नकेल कसेंगी। जिला दंडाधिकारी ने कहा कि सख्त से सख्त कदम उठाने से गुरेज नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बैठक में पुलिस को स्पेशल टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को यह भी निर्देश दिए कि जहां भी एम फार्म का दुरुपयोग होता है या किसी का एम फार्म फर्जी पाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। जैन ने कहा कि पहले भी प्रशासन ने अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया है और भविष्य में भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अभिषेक जैन ने कहा कि रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक जिले में वैध खनन की भी अनुमति नहीं होगी और वैध खनन करने वालों को बोर्ड लगाकर यह दर्शाना होगा कि उन्हें किस स्थल पर कितने क्षेत्रफल में वैध खनन का परमिट मिला है और इस परमिट या लीज की अवधि किस तिथि तक है। ऐसा न करने वालों के परमिट एवं लीज रद कर दिए जाएंगे। वैध खनन के लिए जिन्हें परमिट मिले हैं, उन्हें तमाम दस्तावेज अपने पास रखने होंगे और छापेमारी टीमों को दिखाने होंगे। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए जिन विभागों को शक्तियां प्रदत्त की गई हैं, वे विभाग संयुक्त रूप से छापेमारी करेंगे और हर तीन दिन में उपायुक्त को रिपोर्ट देंगे।

Related posts