टायर चोरी मामले में तीन गिरफ्तार

ठियोग (शिमला)। क्षेत्र में टायर चोरी मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने दो गाड़ियों के सात टायर चोरी किए हैं। पुलिस ने आरोपियों से टायर भी बरामद कर लिए हैं। 23 सितंबर को को धर्मदत्त निवासी कथोग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी गाड़ी के टायर कोई चोरी कर ले गया है। उसी दिन नरेंद्र कुमार की गाड़ी के तीन टायर भी चोरी हुए। इसके बारे में भी पुलिस में मामला दर्ज किया गया था। छानबीन के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर काची गांव निवासी देवेंद्र सिंह टैंकर चालक और उसके क्लीनर बम बहादुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और इस मामले से जुड़े एक अन्य व्यक्ति का नाम भी बताया। पुलिस ने तीसरे व्यक्ति दिल्ला राम निवासी कंडयाली को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से गाड़ी के सात टायर भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीएसपी ठियोग सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को शक के आधार पर गिरफ्तार किया था, लेकिन पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

सेब से लदा ट्रक सड़क में पलटा
ठियाग (शिमला)। क्षेत्र के बागी से दिल्ली सेब लेकर जा रहा एक ट्रक नंगल देवी के पास सड़क में पलट गया। हादसे में चालक को चोटें आई हैं। सड़क में ट्रक के पलट जाने से दिनभर जाम की समस्या भी पेश आती रही। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या-64ए -3609 दिल्ली सेब लेकर जा रहा था। इसी दौरान नंगल देवी के पास ट्रक का पट्टा टूट गया, जिससे ट्रक सड़क में ही पलट गया। इसमें ट्रक चालक मनोज कुमार निवासी बिलासपुर को चोटें आई हैं। मामले की पुष्टि डीएसपी सागर चंद्र ने की है।

Related posts