
सांगला (किन्नौर)। जिले के टापरी में पंद्रह वर्षीय एक लड़की सतलुज नदी में कूद गई। लड़की ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें लिखा है कि अपनी मां के साथ चगांव की एक दंपति की ओर से अकसर मारपीट करने से दुखी होकर उसने ऐसा कदम उठाया है। लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने चगांव निवासी कर्मचंद नेगी और उसकी पत्नी विद्या देवी के खिलाफ मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है।
डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने बताया कि सुसाइड नोट लड़की के नाना की गाड़ी में मिला है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगा कि नोट लड़की ने ही लिखा है। पूरे मामले की तफ्तीश होने पर ही वास्तविकता सामने आएगी। उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट में दंपति का नाम उजागर करने पर लड़की की मां गुलाब देवी निवासी नाथपा ने उन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। दोनों से पूछताछ चल रही है। जल्द असलियत पता चल जाएगी। उन्होंने बताया कि टापरी में पेट्रोल पंप के नजदीक ढांक में लड़की की चप्पल और दुपट्टा मिला है। इससे अंदेशा है कि लड़की ने नदी में छलांग लगाई है। पुलिस सतलुज नदी किनारे खोजबीन में जुटी है।
