
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत निहारी में रविवार सुबह एक टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे उसमें सवार चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। सड़क हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
बिलासपुर में दो दिन में तीन सड़क हादसे हुए। शनिवार को एक बस पेड़ से टकरा गई। बिलासपुर शहर में ही बोलेरो कार ट्रक से टकरा गई। ताजा घटनाक्रम में निहारी के समीप बरठीं की ओर जा रही एक जीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से पलट गई। पुलिस के मुताबिक घुमारवीं के गांव पट्टा निवासी प्रेम लाल (40), श्याम लाल (38), रूढवाणी गांव की सुंदरी देवी (60) व सुरेंद्र कुमार (40) टाटा सूमों में बरठीं की ओर जा रहे थे। निहारी के समीप अचानक वाहन सड़क से पलट कर नीचे गिर गया। वहां से गुजर रहे भाजपा के महासचिव नवीन शर्मा ने घायलों को अपनी कार में डालकर तुरंत घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डीएसपी घुमारवीं मनोज जम्वाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
