
हमीरपुर। टाउन हाल की छत अब नहीं टपकेगी। भवन की मरम्मत के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को एस्टीमेट बनवाने के आदेश जारी किए हैं। करीब एक माह के भीतर भवन का मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
टाउन हाल भवन की छत जगह-जगह से टूटी पड़ी है। बारिश के मौसम में भवन की छत से पानी टपकना शुरू हो जाता है। शौचालयों की हालत भी संतोषजनक नहीं है। शौचालयों में गंदगी पसरी है। भवन से पानी की निकासी का भी उचित प्रबंध नहीं है। दरवाजे और खिड़कियाें की हालत भी खस्ता है। खिड़कियों के शीशे भी टूटे पड़े हैं। हाल ही में उपायुक्त हमीरपुर ने टाउन हाल का निरीक्षण किया है। भवन की हालत के चलते नप कार्यकारी अधिकारी को तुरंत एस्टीमेट बनवाकर उनके कार्यालय में भेजने के आदेश दिए हैं। इससे भवन की हालत को जल्द से जल्द सुधारा जा सके।
क्या कहते हैं अधिकारी
नप के ईओ विजय कुमार का कहना है कि उपायुक्त आशीष सिंहमार ने एस्टीमेट बनवाने के आदेश जारी किए हैं। जल्द ही एस्टीमेट बनवाकर उपायुक्त को भेज दिया जाएगा। वहीं नप अध्यक्ष दीप कुमार बजाज का कहना है कि एस्टीमेट बनाकर भेज दिया जाएगा। एक माह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
