
नई दिल्ली। भाई साहब बस दो टमाटर डाल दो… इतनी महंगाई है खा लिए टमाटर…। ये शब्द हैं महंगाई से परेशान बाजार में सब्जी खरीद रही महिलाओं के। कभी सब्जी के साथ अलग से हरी धनिया और दो-चार मिर्च डलवाने की तर्ज पर इन दिनों टमाटर खरीदे जा रहे हैं। पिछले हफ्ते के मुकाबले आसमान चढे़ सब्जी के दाम ने लोगों का जायका बिगाड़ दिया है। टमाटर और प्याज की ग्रेवी खाने के शौकीन अब बाजार में सस्ती सब्जियां ढूंढ़ रहे हैं। बारिश से खेतों में सड़ चुकी सब्जियों के बाद बाजार में कमी के चलते दामों में दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। खासतौर से टमाटर और मटर में। हालत यह है कि एक सप्ताह पहले तक 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिकने वाला टमाटर इन दिनों 55से 60 रुपये में बिक रहा है। इस महंगाई के चलते लोग किलो में खरीदने के बजाय ग्राम या नग में गिन-गिनकर सब्जियां खरीद रहे हैं। वहीं, विक्रेताओं की मानें तो आगे की बारिश और भी ज्यादा रुलाएगी। इस दौरान हरी सब्जियां या तो बहुत महंगी हो जाएंगी या बाजारों से बिल्कुल गायब। अभी इसकी भरपाई आलू कर रहा है, लेकिन आने वाले दिनों पर उस पर भी पडे़गा।
