झूला पुल पार करते दो गिरे, एक लापता

पतलीकूहल (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के पास 17 मील में नेशनल हाइवे से सटे वामतट मार्ग को जोड़ने वाले झूला पुल को पार कर रहे बाप-बेटा ब्यास नदी में गिर गए। बेटे ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचा ली लेकिन पिता उफनती ब्यास की धाराओं में खो गया। उनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्जकर मृतक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 17 मील में गुजरात से सेब का कारोबार करने वाले 50 वर्षीय रणछोर अपने बेटे जगदीश के साथ झूले से होकर नदी के पार जा रहे थे। लेकिन एक शख्स के लिए बने झूले में दो लोगों के एक साथ बैठ जाने से झूले का संतुलन बिगड़ गया और दोनों ब्यास में जा गिरे। लहरों के थपेड़ों से जगदीश तो किनारे पर लग गया लेकिन रणछोर पानी के बहाव में बहता चला गया। हादसे के बाद आसपास के कई लोग वहां जमा हो गए। लेकिन बहते रणछोर को बाहर निकालने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पाया। मनाली में तैनात इस केस के आईओ एसआई कुशल कुमार ने बताया कि मृतक रणछोर की तलाश को गोताखोरों की सेवा लेने पर विचार किया जा रहा है।

Related posts