
लठियाणी (ऊना)। गोबिंद सागर झील में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। यह युवक अपने एक अन्य दोस्त के साथ झील की तरफ घूमने गया था। वहां पहुंचकर दोनों ने झील में नहाने की योजना बनाई। इस दौरान एक युवक झील में नहाते हुए काफी आगे चला गया। देखते ही देखते वह झील में डूबने से पहले छटपटाते हुए सहायता के लिए चिल्लाने लगा। कुछ ही देर में वह झील में डूब गया और लापता हो गया। मृतक आईटीआई अबाड़ बंगाणा का छात्र था। वह इलेक्ट्रीशियन का कोर्स कर रहा था। घटना की सूचना पर बंगाणा पुलिस थाने से एएसआई रमेश कुमार पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दूसरे युवक से पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार दूसरे युवक अभिषेक खुराना निवासी बौट (बंगाणा) ने पूछताछ में बताया कि वह तथा उसका दोस्त 21 वर्षीय वीरेंद्र कुमार उर्फ अंकू पुत्र रमेश चंद निवासी धर्माणी जिला हमीरपुर गोबिंदसागर झील की तरफ आए। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि यहां पर वे दोनों झील में नहाने के लिए उतरे। अंकू नहाते हुए झील में काफी आगे चला गया। अभिषेक ने अंकू को पीछे हटने के लिए भी कहा, लेकिन वह नहीं माना। कुछ ही देर बाद वह झील में काफी आगे जाकर छटपटाने लगा। इस दौरान वह सहायता के लिए भी चिल्ला रहा था। बीए अंतिम वर्ष के छात्र अभिषेक ने पुलिस को बताया कि अंकू की हालत को देखकर वह भांप गया था कि अंकू डूब रहा है। इस पर झील के किनारे खड़े अभिषेक ने भी शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर पास में लगे एनसीसी कैंप में आए छात्र छात्राएं भी वहां पहुंचे। इन बच्चों ने भी अंकू को डूबते हुए देखा तथा लाइफ जैकेट डूबते हुए अंकू की ओर फेंकी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अंकू एकाएक झील में लापता हो गया। एनसीसी कैंप में आए बच्चे तैराकी का भी प्रशिक्षण ले रहे हैं। एएसआई रमेश कुमार ने कहा कि झील में डूबे छात्र अंकू के परिजनों को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अंकू झील में लापता हो गया है। शव की तलाश को लेकर गोताखोर बुलाए जाएंगे।
