झलेड़ा में हादसा, महिला गंभीर

ऊना। झलेड़ा में सड़क हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। हादसे में महिला के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसा उस समय पेश आया जब बाइक पर चालक के पीछे बैठकर जा रही पंडोगा निवासी महिला की दुपट्टा पिछले टायर में जा फंसा और वह उसी के साथ नीचे जा गिरी। हादसे के दौरान चालक को भी बाइक रोकने का समय नहीं मिला। जिसके चलते महिला के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें लग गई हैं। सीएमओ डा. जीआर कौशल ने बताया कि महिला की हालत में सुधार है। उसे उपचार दिलाया जा रहा है। उधर, यातायात पुलिस प्रभारी मनजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस संदर्भ में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

छात्रों की सूझ-बूझ से टला हादसा
ऊना। पीरनिगाह रोड स्थित स्थित सरकारी आईटीआई के छात्रों की सूझ बूझ से अग्निकांड होने से बच गया। शुक्रवार दोपहर को आईटीआई के नजदीक झाड़ियों में अचानक आग लग गई, जो हवा की दिशा के साथ आगे बढ़ते हुए झुग्गी बस्ती तक जा पहुंची। छात्रों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग प्रचंड होती गई। इसी बीच छात्रों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग के कमल स्वरूप ने बताया कि यदि छात्र समय पर चौकसी न बरतते तो इस क्षेत्र की करीब पांच सौ झुग्गियां आग की चपेट में आने का खतरा था।

Related posts