झलाण में चली पेड़ों पर कुल्हाड़ी

नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल की पंचायत झलाण की जंगलात भूमि से चीड़ के पांच पेड़ काटने का आरोप है। शिकायत के आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। मौके पर पांच पेड़ कटे हुए पाए गए हैं। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को भेज दी है जबकि लकड़ी को कब्जे में ले लिया है।
लोहारली निवासी जगदेव सिंह ने बताया कि जब वह खेत में काम कर रहा था तो जंगलात से कुल्हाड़ी चलाने की आवाज आई। उसने देखा तो कुछ लोग अवैध कटान कर रहे थे। पूछा तो कहा गया कि विभाग की अनुमति से ही पेड़ काटे जा रहे हैं। शक होने पर वन विभाग से शिकायत की। बीट अफसर और वन रक्षक ने बुधवार को मौके का जायजा लिया। इसमें पाया गया कि जंगलात में अवैध कटान हुआ है। विभाग ने लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों रोशन लाल, बलबीर सिंह, करतार सिंह, कशमीर सिंह, प्रमोद सिंह, संजय कुमार, रघुवीर आदि ने वन विभाग से जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई मांगी है।
क्या कहता है विभाग
वन बीट आफिसर मुख्तयार सिंह तथा वन रक्षक शमा कुमारी ने मौका पर जाकर जगदेव की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। उन्हाेंने बताया कि कुछ लोगों के नाम अवैध कटान में सामने आए हैं। इसकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि मौका पर जंगलात भूमि से 5 चीड़ के पेड़ कटे पाए गए हैं। 23 मोछों को कब्जे में लेकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related posts