झंबर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

ऊना। झंबर में रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से एक रिहायशी मकान राख हो गया है। आग से लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आग पर काबू पाया। घटना में घर के लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की छानबीन की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम झंबर में रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से जगदीश राम पुत्र मुकंद राम के रिहायशी मकान को आग लग गई। जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसी बीच दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर स्थिति संभाली, लेकिन उन्हें भी आग पर काबू पाने में कम से कम डेढ़ घंटे का समय लग गया। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट होने से आग की घटना हुई है, जिसमें लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति स्वाह होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

Related posts