
मंडी। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (जोगटा गुट) जिला मंडी की बैठक प्रदेश महासचिव एवं जिला अध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें कर्मचारियों की विभिन्न मांगों व महासंघ के फेडरल हाउस के आयोजन को लेकर चर्चा की गई।
रविवार को एनजीओ भवन मंडी में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि महासंघ का फेडरल हाउस 15 सितंबर को मंडी या सुंदरनगर में आयोजित किया जाएगा। जिसमें संगठन की मजबूती के साथ कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष एसएस जोगटा ने शिमला स्थित एनजीओ भवन को दस सितंबर तक खाली करवाने के निर्णय को सहारा गया तथा सरकार से मांग की गई कि अनाधिकृत लोगों की ओर से इस भवन पर गैर कानूनी तरीके से कब्जा किया गया, उनसे तब से लेकर खाली करवाने तक का किराया वसूला जाए। महासंघ ने मांग की है कि प्रदेश अध्यक्ष एसएस जोगटा को सचिवालय में अलग से कमरा उपलब्ध करवाया जाए। जहां कर्मचारियों से संबंधित सभी गतिविधियों का सुचारु रूप से संचालन किया जा सके।
महासंघ के सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष जोगटा के खिलाफ बेतुकी बयानबाजी करने वाले कर्मचारी नेताओं को आड़े हाथों लिया। सरकार से आग्रह किया कि एसएस जोगटा के नेतृत्व वाली कार्यकारिणी को शीघ्र मान्यता देकर जेसीसी की बैठक के लिए आमंत्रित किया जाए।
इस दौरान उपाध्यक्ष संजय गारला, महासचिव सुरेश शर्मा, अतिरिक्त महासचिव तारा चंद, जिला प्रवक्ता संतोष पटियाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, उपाध्यक्ष रोशन लाल, मोती राम, वाईपी सरोच, संजय शर्मा, बैनी चंद, संजय चौधरी, नेत्र शर्मा, हंस राज ठाकुर, कर्म सिंह, रवि ठाकुर, हेम राज शर्मा, पन्ना लाल शर्मा, केडी शर्मा, संजय चौधरी, दिनेश कुमार, लेख राम आदि मौजूद रहे।
