
नई दिल्ली। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री ऑस्कर फर्नाडीस के सामने स्कॉलरशिप के विवाद को लेकर जेएनयू छात्रों के गुट भिड़ गए। आजादी के जश्न पर एनएसयूआई जेएनयू में उपलब्धियां गिनवाते हुए अपना गुणगान कर रहा था, जिसका छात्रों ने विरोध जताया। इस पर फर्नांडीस के सामने ही एनएसयूआई के सदस्य और जेएनयू के छात्र भिड़ गए। उनमें धक्का-मुक्की तक हुई।
विश्वविद्यालय कैंपस में स्वतंत्रता दिवस पर बृहस्पतिवार को एनएसयूआई ने कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसमें केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडीस मुख्य अतिथि और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित चौधरी विशिष्ठ अतिथि थे। ट्रायस्ट विद डेस्टिनी प्रोग्राम में पंजाब से सुखमनी व हरि बैंड, नॉर्थ-ईस्ट से ट्रैफिक जाम और दिल्ली का र-ही-ब परफारमेंस के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान जब एनएसयूआई पदाधिकारियों ने मंच से जेएनयू में किए गए कार्यों की उपलब्धियां गिनवानी शुरू कीं तो हंगामा हो गया।
मंच से एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने जेएनयू में स्कॉलरशिप 15 सौ से 2 हजार करवा दी है। इस पर जेएनयू के छात्रों ने शोर मचा दिया कि वे दो नहीं, बल्कि तीन हजार की मांग कर रहे हैं, जिसके लिए कैंपस में भूख हड़ताल चल रही है। स्कॉलरशिप का विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों में धक्का-मुक्की तक हो गई। इसके बाद ऑस्कर फर्नांडीस समेत एनएसयूआई के अन्य पदाधिकारी कैंपस से चले गए। जेएनयू छात्रसंघ की दखल के बाद मामला रफादफा हुआ।
कैंपस में किसी विवाद की जानकारी तो है, लेकिन उसका हमारे कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है।
शशिकांत पांडे, एनएसयूआई कार्यकर्ता, जेएनयू
एनएसयूआई कार्यकर्ता स्वतंत्रता दिवस पर भी राजनीति कर गए। जेएनयू छात्रसंघ छात्रों के हित के लिए स्कॉलरशिप राशि दो से तीन हजार रुपये तक बढ़ाने के लिए चार दिन से भूख हड़ताल पर है और एनएसयूआई दो हजार राशि का श्रेय लेना चाहता है। जबकि पिछले शैक्षणिक सत्र में ही स्कॉलरशिप राशि बढ़ाने के लिए छात्रों ने भूख हड़ताल की थी, जिसे प्रशासन ने जुलाई में ही पूरा कर दिया था।
