
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने जूडो कराटे के एक पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी को फर्जीवाड़े के आरोप में दबोचा है। आरोपी खुद को वकील बताकर नोटरी पब्लिक स्टांप से लोगों की सेल डीड बनाता था। पुलिस ने उसके पास से अलग-अलग वकीलों की 36 मुहरें और करीब 152 स्टांप पेपर बरामद किए हैं। पुलिस ने फर्जी पेपरों के जरिए प्रॉपर्टी बेचने के आरोप में एक अन्य शख्स को भी गिरफ्तार किया है।
आर्थिक अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि एक निजी कंपनी के निदेशक अनिल धनराज ने शिकायत की थी कि शंभू प्रसाद सिंह ने उन्हें ग्रीन पार्क में एक प्रॉपर्टी बेची थी। उस जमीन पर एक एनजीओ ने दावा किया कि उसने 33 साल के लिए प्रॉपर्टी को लीज पर लिया हुआ है। शंभू प्रसाद के पेपर की जांच की गई तो वह फर्जी पाए गए। पुलिस ने इस आधार पर शंभू को गिरफ्तार कर लिया। शंभू ने पुलिस को बताया कि पेपर उसने संतनगर ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित एक दस्तावेज सेंटर से बनवाए थे। पुलिस ने दफ्तर में छापा मार कर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी राजीव कुमार कोचर (37) को दबोच लिया। राजीव ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उसने डीयू से ग्रेजुएशन किया। 2001 में उसने वकीलों की फर्जी स्टांप बनवाकर कागजात बनाने शुरू किए।
