जुंडली’ के खिलाफ अब जनारथा जाएंगे दिल्ली

शिमला। शहरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश जनारथा ने कहा है कि वे जल्द ही भितरघातियों की जुंडली के खिलाफ दिल्ली कूच करेंगे। जनारथा हफ्ते भर में अपने सहयोगियों के साथ दिल्ली रवाना होने वाले हैं। जनारथा हाईकमान से शिमला शहरी कांग्रेस कमेटी को भंग करने और प्रदीप भुज्जा को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग करेंगे। जनारथा का प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बीरेंद्र चौधरी व दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से मिलने का कार्यक्रम है। इससे पहले शहरी कांग्रेस का एक गुट इकाई महासचिव संजीव कुठियाला व उनकी पार्षद पत्नी सुषमा का निष्कासन रद करवाने के लिए दिल्ली का रुख कर चुका है। हरीश जनारथा का कहना है कि शहरी कांग्रेस में 4-5 लोगों की जुंडली सक्रिय है। झूठ बोलने में माहिर इन लोगों ने कांग्रेस को अपने घर की जागीर बना दिया है। आने वाले समय में भी अगर शहरी कांग्रेस पर इन लोगों का प्रभाव रहा तो शहर में कांग्र्र्रेस के अस्तित्व पर ही सवाल उठ जाएगा।

शहरी इकाई पर धमकाने का आरोप
हरीश जनारथा ने शहरी इकाई के पदाधिकारियों पर शहर के कांग्रेसियों को धमकाने का आरोप लगाया है। जनारथा का कहना है कि चुनाव में उनके पक्ष में प्रचार करने वाले लोगों को फोन पर धमकियां दी जा रही हैं।

शहरी इकाई के पदाधिकारियों ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया है। शिमला की जनता असलियत जानती है। पार्टी हाईकमान से शहरी इकाई अध्यक्ष भुज्जा को हटाने व शहरी कमेटी भंग करने की मांग की जाएगी।
– हरीश जनारथा
शिमला विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी

– हरीश जनारथा को अपना पक्ष रखने का पूरा अधिकार है। जनारथा को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें दो बार पार्टी से क्यों निष्कासित किया गया और ऐसी क्या परिस्थितियां थीं जिनके चलते उन्हें पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ना पड़ा।
– प्रदीप भुज्जा
अध्यक्ष, शिमला शहरी कांग्रेस

Related posts

Leave a Comment