
अमृतसर: लंबे कानूनी मंथन के बाद चुनाव समिति की गहन जांच और स्क्रूटनी पर आधारित रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2010-11 की मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्राफी (माका) का ओवरआल विजेता गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी को घोषित किया गया है जबकि इससे पहले इसी ट्राफी के लिए पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को यह खिताब दिया गया था लेकिन जी.एन.डी.यू. द्वारा दिल्ली हाईकोर्ट में डाली गई पटीशन के बाद निर्णय जी.एन.डी.यू. के हक में आया और इसे ओवरआल चैम्पियन घोषित किया गया जबकि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी को पहला रनरअप और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को दूसरा रनरअप दिया गया।
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. अजायब सिंह बराड़ और डायरैक्टर खेल एच.एस. रंधावा 31 अगस्त को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से यह ट्राफी और 10 लाख रुपए नकद पुरस्कार स्वरूप प्राप्त करेंगे। डायरैक्टर खेल प्रो. एच.एस. रंधावा ने बताया कि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने इतिहास रचते हुए मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्राफी (माका) 22वीं बार जीतने का श्रेय प्राप्त किया है।
