
पतलीकूहल (कुल्लू)। पुलिस और वन विभाग की जुगलबंदी ऊझी घाटी में अपना असर दिखाने लगी है। वीरवार रात पुलिस और जंगलात महकमे के ज्वाइंट आपरेशन में एक जीप में अवैध तरीके से तस्करी कर ले जाए जा रहे स्लीपर पकड़े हैं। वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक शख्स जीप में देवदार समेत अन्य तरह के स्लीपर भरकर इलाके से बाहर भेजने की फिराक में है। पुलिस सूचना के बाद तुरंत हरकत में आई। लिहाजा, वन विभाग के कर्मचारियों को लेकर नग्गर में नाका लगा कर घेराबंदी शुरू कर दी गई। पुलिस पूरी रात आरोपी के माल सहित आने का इंतजार करती रही लेकिन कोई नहीं आया। इतने में सुबह करीब छह बजे एक जीप नाके के पास पहुंची। पहले से ही तैयार बैठी पुलिस और वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी से जीप की तलाशी लेनी शुरू की। तत्काल की जीप के डाले में रखे अवैध स्लीपर बरामद हो गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने चालक से इसके बारे में पूछताछ की लेकिन वह घबरा गया और कुछ नहीं बता पाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। एसएचओ मनाली फिरोज खां ने बताया कि पुलिस मामले की तह तक जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि स्लीपर का कोई परमिट है तो उसे पुलिस को दिखाया जाए अन्यथा फोरेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। डीएफओ बीएल नेगी ने बताया कि मामले पर विभाग अपने स्तर पर भी छानबीन कर रहा है।
