
कुल्लू। देवभूमि जीप ऑपरेटर यूनियन कुल्लू के अध्यक्ष के खिलाफ यूनियन के ही कुछ पदाधिकारियों ने मोरचा खोल दिया। पदाधिकारियों का आरोप है कि अध्यक्ष के नेतृत्व में ऑपरेटरों को काम नहीं मिल रहा। आलम यह है कि ढुलाई के कार्य में पंजाब के वाहन मालिक मौज ले रहे हैं। 290 ऑपरेटरों वाली इस यूनियन में उठे इस ताजा विवाद से तगड़ा घमासान मचने के आसार हैं।
देवभूमि जीप आपरेटर यूनियन के वर्तमान उपप्रधान जोगराज ने कहा कि प्रधान और महासचिव ने आपरेटरों को गुमराह किया है। 2004 से लेकर अभी तक यूनियन का ऑडिट नहीं हुआ। इसके अलावा दीवाली पर चार-चार हजार रुपये के गिफ्ट भी कुछ ही आपरेटरों को मिले हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की गाड़ी को ओपन पर्ची देकर कुल्लू में ढुलाई कार्य मिल रहा है। एसडीएम कुल्लू से भी इस मामले की शिकायत की है। एसपी कुल्लू को भी ज्ञापन सौंपा है।
आरोप लगाया कि अभी तक कुल्लू जीप यूनियन से कोई भी गाड़ी सब्जी और फल लेकर जिला से बाहर नहीं गई है। इससे कुल्लू और बंदरोल के जीप आपरेटरों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही इस मसले को सुधारें अन्यथा आपरेटर धरने पर उतरेंगे। इस मौके पर अड्डा इंचार्ज अभिनाश, प्रेम चंद, सलाहकार अश्वनी और आपरेटर सुदर्शन सिंह, खुशहाल चंद, प्रेम चंद, सुरेश और राजकुमार मौजूद रहे।
स्वार्थ पूर्ति को कर रहे गुमराह : सिंह
कुल्लू। यूनियन के प्रधान ईशरी सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि सभी आपरेटरों को एक बराबर काम दिया जा रहा है। कुछ लोग अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए जीप आपरेटरों को गुमराह कर रहे हैं।
