
ऊना। जिला भर के स्कूलों में जेबीटी के रिक्त पदों को भरने की कवायद शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने ऊना जिला में जेबीटी के 145 पदों को अनुबंध आधार पर भरने का फैसला लिया है। पदों को भरने के लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिला भर के कई स्कूलों में लंबे अरसे से जेबीटी शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे थे। इसके चलते छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक निर्मल रानी ने बताया कि ऊना जिला में जेबीटी के 145 पदों को अनुबंध आधार पर भरने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए वही उम्मीदवार पात्र होंगे, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जेबीटी के पदों के लिए आयोजित करवाई गई अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है। उपनिदेशक ने कहा कि उम्मीदवार अधिक जानकारी हासिल करने के लिए उनके कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं। इधर, उम्मीदवारों में विभाग के इस फैसले से खुशी की लहर है। अभ्यर्थियों को नौकरी का मौका मिल रहा है। इससे कई बेरोजगार बैठे युवाओं को नौकरी मिलेगी तथा उनकी मांग पूरी होगी।
