जिले की अभी एक दर्जन सड़कें बंद

कुल्लू( भाग सिंह) बर्फबारी और बारिश के बाद कुल्लू जिले की करीब एक दर्जन सड़कें अभी तक अवरुद्ध हैं। सोमवार को मौसम खुलते ही जमीन धंसनी शुरू हो गई। इससे डंगे और मलबा सड़क पर आ गिरा। सोमवार को जिले के करीब दर्जनों रूटों पर वाहन नहीं चले। बर्फबारी के कारण आनी उपमंडल को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला जलोड़ी दर्रा अभी तक बंद है। इसके अलावा आनी के करीब आधा दर्जन संपर्क मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप है। सोमवार को कुल्लू के पीज, जिंदौड़, तोष, लगघाटी का माशना थाच आदि संपर्क मार्गों पर यातायात ठप रहा। जिले में बर्फबारी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यातायात बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का आना-जाना जिला मुख्यालय के लिए बंद हो गया है। रामशिला और व्यासर के बीच भूस्खलन से मार्ग बंद रहा। सड़कों पर भरकम मलबा गिरा और लोनिवि शाम तक मलबे को हटाने में जुटा रहा। सोमवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद मौसम खराब हो गया। इधर, आरएम कुल्लू पवन शर्मा ने बताया कि निगम की कोई भी बस बर्फबारी में नहीं फंसी है। उन्होंने कहा कि कई मार्गों पर मलबा आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Related posts