जिला में बिना पंजीकरण नहीं कर पाएंगे व्यापार

हमीरपुर। बाहरी राज्यों, या अन्य स्थानों से आकर फल, सब्जी, अनाज बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही बिना पंजीकरण व्यापार करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। नवगठित एपीएमसी हमीरपुर की पहली बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक में उड़न दस्ते (विजिलेंस कमेटी) का विशेष रूप से गठन किया गया। जो अवैध व्यापार करने वालों पर नजर रखेगी। बैठक के दौरान अन्य कमेटियों का भी गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एपीएमसी के अध्यक्ष प्रेम कौशल ने की।
बैठक के पश्चात पत्रकार वार्ता में प्रेम कौशल ने बताया कि कार्यकारी, विकास, आवंटन, विवाद निवारण, सतर्कता उप समितियों का गठन किया गया है। मंडी यार्ड की हालत सुधारने के लिए नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। मंडी समिति के भवन को भी सुुधारने का निर्णय लिया गया है। उड़न दस्ते का विशेष रूप से गठन किया गया है, जिसमें कर्ण राणा, बलदेव ठाकुर, राम चंद को शामिल किया गया है। दस्ता मंडी फीस की अदायगी किए बिना व्यापार करने वालों पर नजर रखेगा। कौशल ने कहा कि मंडी समिति का उद्देश्य किसानों, उत्पादकों, व्यापारियों का सहयोग करना है लेकिन यदि कोई नियमों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कोई चालाकी या हेराफेरी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि समिति के राजस्व को बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, और जल्द ही परिणाम देखने को मिलेंगे। जाहू के साथ लगते जिला मंडी, बिलासपुर के क्षेत्र को समिति के अधीन करने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर जल्द निर्णय होने की संभावना है।

Related posts