
पालमपुर/चामुंडा (कांगड़ा)। चामुंडा मंदिर के नजदीक गांव जिया में जमीनी विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की जान ले ली। सोमवार शाम को घटी इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम गांव जिया में दो सगे भाइयों में जमीन को लेकर विवाद हो गया। इस पर दोनों में आपस में खूब कहासुनी हुई। यह देख तैश में आए बड़े भाई ने वहां पर पड़ा एक डंडा उठाया और उसने अपने छोटे भाई के सिर पर मार दिया। इससे उसका भाई बेहोश हो गया। उसे टांडा मेडिकल कालेज में ले जाया गया। लेकिन छोटे भाई रामलाल (35) निवासी जिया की मौत हो गई। रामलाल की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर देर रात मृतक के बड़े भाई आरोपी प्रीतम चंद को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है अलग अलग रह रहे दोनों भाइयों में पिछले कई दिनों से जमीन का विवाद चला हुआ था। इसके चलते इनकी इसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी। लेकिन सोमवार को इतना झगड़ा हुआ कि एक भाई की इसमें मौत हो गई।
उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने रामलाल की हत्या के आरोप में उसके बड़े भाई आरोपी प्रीतम चंद को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस केस की जांच कर रही है।
