जिमरमैन के विरोध में सडक पर उतरे लोग, ओबामा ने की शांति की अपील

जिमरमैन के विरोध में सडक पर उतरे लोग, ओबामा ने की शांति की अपील

न्यूयार्क: अमेरिका के एक अश्वेत किशोर ट्रेवन मार्टिन की हत्या के आरोप से जार्ज जिमरमैन को बरी किए जाने के विरोध में लोग सडक पर उतर आए हैं। हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जार्ज जिमरमैन को एक अदालत द्वारा बरी किए जाने के बाद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 17 साल के मार्टिन को जिमरमैन ने रंगभेद से प्ररित होकर गोली मारी थी जबकि जिमरमैन का कहना है कि उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। प्रदर्शनकारियों की भीड़ में अश्वेत और गोरे और हिस्पानिया मूल के लोग शामिल हैं। प्रदर्शनकारी ‘न्याय नहीं, शांति नहीं’ के गगनभेदी नारे लगे रहे हैं और उन्होंने तरह तरह के नारों वाली तख्तियां लगा रही हैं। जिमरमैन को बरी किए जाने की खबर सुनकर सिंगर बियोंसे नोवल्स ने अपना शो कुछ देर के लिए बीच में रोक दिया जबकि रिहाना ने इस पर दुख व्यक्त किया है।

ओबामा ने कहा, ‘हमारे देश कानून से चलता है और जूरी ने फैसला सुनाया है।’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं सभी अमेरिकियों से अपील करता हूं कि वे उन मां-बाप के शांति के अनुरोध का सम्मान करें जिन्होंने अपने बच्चे खोए हैं।’ देश के न्याय विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि उसके पास जो सबूत है क्या उनके आधार पर आगे अपील करना उचित होगा।

उल्लेखनीय है कि मार्टिन उस दिन एक स्टोर से कैंडी और साफ्ट ड्रिंक खरीदकर अपने घर जा रहा था। जिमरमैन को उसकी वह संदिग्ध लगा और उसने पुलिस को फोन कर दिया। इस बीच जिमरमैन अपने कार से उतर गया और दोनों के बीच लडाई शुरू हो गई। जिमरमैन को इसमें काफी चोट आई थी और उसने अंतत: गोली चला दी जिससे मार्टिन की मौत हो गई।

Related posts