
जाहू/भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत आते जाहू कस्बे में एक मोटर मैकेनिक की दुकान में आग लग गई है। इससे करीब ढाई लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से पीड़ित दुकानदार को तीन हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप शर्मा पुत्र लेखराम जाहू में मोटर मैकेनिक की दुकान करता है। सोमवार सुबह करीब छह बजे उसकी दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का सुराग नहीं लग पाया है। आगजनी में दुकान में रखा कंप्रैशर, टायर और दूसरा सामान जलकर राख होगया है। कुलदीप शर्मा के अनुसार उसका करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से एसडीएम भोरंज, बलवान चंद ने मौके पर पीड़ित दुकानदार को फौरी राहत राशि जारी की है। वहीं तहसीलदार भोरंज को आदेश दिए कि जल्द से जल्द प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम कार्यालय प्रेषित की जाए जिससे पीड़ित दुकानदार को जल्द मुआवजा जारी किया जा सके।
