
भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस चौकी जाहू के अंतर्गत जाहू कस्बे में बुधवार रात शातिरों ने दो दुकानों के ताले तोड़ डाले। शातिर करीब 40 हजार रुपये की नकदी ले उड़े हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर डॉग स्कवायड़ के साथ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राम सिंह की जाहू कस्बे में टेली केयर सेंटर और मनियारी की दुकान है। दुकान का ताला तोड़ शातिरों ने करीब 23 हजार रुपये के हार और तीन हजार रुपये की नकदी उड़ा ली है। नीलम कुमारी की दुकान का भी ताला तोड़ चोर करीब 15 हजार रुपये के हार ले उड़े हैं।
दुकानदारों ने कहा कि बुधवार को दुकान बंद कर घर चले गए। वीरवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो दुकानों के ताले टूटे हुए थे। जब दुकान के अंदर जाकर देखा तो चोरी का पता चला। नोटों के हार और पैसे चोरों ने उड़ा लिए हैं। साथ ही दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जायजा लिया। जाहू के व्यापारी रवि कुमार का कहना है कि एक वर्ष के अंतराल में क्षेत्र में दसवीं चोरी की वारदात है। होमगार्ड जवानों को गश्त के लिए तैनात किया गया है लेकिन इसके बावजूद चोरियों का सिलसिला बदस्तूर जारी है। व्यापारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया है। डॉग स्कवायड की मदद भी ली जा रही है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ओम चंद, थाना प्रभारी भोरंज
