
गगरेट (ऊना)। थाना गगरेट के तहत पड़ते चलेट गांव में एक महिला सहित चार लोगों ने जालसाजी कर किसी की जमीन को अन्य व्यक्ति को बेच दिया। पीड़ित व्यक्ति ने घटनाक्रम के संदर्भ में गगरेट थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है, जबकि पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज करते हुए घटनाक्रम की छानबीन आरंभ कर दी है। उक्त डेढ़ कनाल जमीन के टुकड़े को लगभग तीन लाख रुपये में बेचा गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद पुत्र संतू राम निवासी चलेट ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उन्होंने वर्ष 2008-09 में अपने ही गांव चलेट में लगभग डेढ़ कनाल जमीन खरीदी, लेकिन अब उक्त जमीन को प्रकाश चंद पुत्र केहर सिंह, किरण देवी पत्नी दिलबाग सिंह निवासी चलेट, बृजेश कुमार निवासी गगरेट एवं अशोक कुमार नंबरदार निवासी जखेड़ ने जालसाजी कर बृजेश सूद को तीन लाख रुपये में बेच दिया। मामला सामने आते ही उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जाएगी।
