जालंधर रिजन में बनेंगे पठानकोट व गुरदासपुर के पासपोर्ट

जालंधर: पासपोर्ट कार्यालय अमृतसर के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आते नागरिकों को अप्वाइंटमैंट लेने में आने वाली मुश्किलों को मद्देनजर रखते हुए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने गुरदासपुर व पठानकोट जिले के निवासियों का पासपोर्ट बनाने का कार्यभार जालंधर रिजन को सौंप दिया है। उक्त आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया जबकि इससे पहले उक्त जिलों सहित कुल 8 जिलों के पासपोर्ट इत्यादि अमृतसर में बनाए जाते थे।

इससे वहां वर्क लोड अधिक बढ़ चुका था और लोगों को अप्वाइंटमैंट लेने में सप्ताह व उससे भी अधिक का समय लग रहा था। इस संबंध में पिछले दिनों भारत सरकार ने रिजनल पासपोर्ट अधिकारी हरमनबीर सिंह गिल से प्रपोजल मंगवाई थी व उनसे पूछा था कि वह मौजूदा स्टाफ के साथ 2 और जिलों का कामकाज देख लेंगे या उन्हें और स्टाफ चाहिए। इस संबंध में हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि उक्त दोनों जिलों के नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने के लिए होशियारपुर के प्रभात चौक स्थित ग्लैक्सी टावर में स्थापित सुविधा केन्द्र सबसे नजदीक रहेगा व समय कम लगेगा जबकि अमृतसर के लोगों को कई चक्कर लगाने पड़ते थे।

नागरिक इसके अलावा जालंधर स्थित दोनों सुविधा केन्द्रों में अपने आवेदन कर सकते हैं। गिल ने कहा कि लोगों का पासपोर्ट जल्द से जल्द बनवाना उनका लक्ष्य होगा। इसके तहत कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद 21 दिनों के भीतर पासपोर्ट जारी किए जा रहे हैं। गुरदासपुर व पठानकोट के जिलों के बारे बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि यहां भी 21 दिनों के भीतर पासपोर्ट जारी करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस संबंध में उन्होंने दोनों जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित में पत्र भेज दिए हैं ताकि आने वाले समय में पब्लिक को सहयोग हो सके।

Related posts