जान देने का प्रयास कर रही युवती को बचाया

नई दिल्ली। घरेलू वजह से परेशान होकर एक युवती राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन पर खुदकशी करने के लिए छलांग लगाने का प्रयास कर रही थी। मौके पर मौजूद उसके मित्र और सीआईएसएफ के जवान ने उसे बचा लिया।
पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक ,सीआईएसएफ की महिला सिपाही रूपम बोरो रविवार रात साढ़े आठ बजे राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में ड्यूटी कर रही थी। सीसीटीवी कैमरे पर उसने देखा कि एक युवती प्लेटफार्म संख्या एक पर लगी ग्रील से छलांग लगाने की कोशिश कर रही है, जबकि उसके पास मौजूद एक युवक उसे रोक रहा है।
बोरो ने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के जवान युवती के पास पहुंचे और दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों की पहचान रोहतक निवासी के रूप में हुई। युवती ने बताया कि घरेलू वजह से परेशान होकर वो खुदकुशी का प्रयास कर रही थी। पुलिस ने उनके परिजनों को राजौरी गार्डन थाने बुलाया और फिर काउंसिलिंग कर दोनों को उनके परिवार के हवाले कर दिया।

Related posts