
नग्गर (कुल्लू)। नग्गर से 12 किलोमीटर दूर स्थित जाणा गांव में वाटर फॉल में बने ढाबों को हटाने के लिए वन विभाग ने ढाबा संचालकों को फरमान जारी कर दिया है। दूसरी तरफ क्षेत्र के लोग वन विभाग के इस फैसला से भड़क उठे हैं। लोगों का कहना है कि इस फैसले से ढाबा संचालक बेरोजगार हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार जाणा फॉल में हर साल हजारों की तादाद में पर्यटक आते हैं। अब वन विभाग की ओर से यहां स्थित चाय और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले ढाबो को हटाने के निर्देश जारी हुए हैं। जाणा पंचायत के पूर्व प्रधान एवं हिलोपा के मनाली मंडल के उपाध्यक्ष कालीदास ने कहा कि इसके लिए वे प्रशासन और सरकार से ढाबों को न हटाने की मांग करेंगे। बताया कि इससे करीब आधा दर्जन लोगों की रोजी छिन जाएगी। बताया कि ढाबे हटाने से पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पडे़गा। वहीं वन विभाग के डीएफओ बीएल नेगी ने बताया कि जाणा फॉल में अवैध कब्जों में बने सभी ढाबों को जल्द हटा दिया जाएगा।
