जांच के दायरे में सड़कों की गुणवत्ता

भल्याणी (कुल्लू)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले में निर्मित सड़कों का निरीक्षण शुरू हो चुका है। केंद्रीय दल की एक टीम इन दिनों कुल्लू दौरे पर है। नेशनल क्वालिटी मानिटर का यह प्रतिनिधिमंडल जिले के गांवों को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी और निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर रहा है।
बुधवार को इस टीम ने डूघीलग-डूफकन, दोघरी-समाणा सड़कों का निरीक्षण किया। वीरवार को नेशनल रूलर रोड डवेल्पमेंट एजेंसी डिविजन-1 की सड़कों का निरीक्षण होगा। इसके बाद दल मशियार और सर्ची सड़क के निरीक्षण को पहुंचेगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिला में इन दिनों सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिला में लगभग डेढ़ अरब की लागत से सड़कों का निर्माण हो रहा है। इन सड़कों को धन केंद्र तथा नावार्ड के तहत मुहैया करवाया गया है। लिहाजा केंद्र से आई टीम ही इन सड़कों का निरीक्षण कर रही है। खरी न उतरने पर यह दल केंद्र को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। ऐसे में केंद्र से मिलने वाले धन पर कैंची भी चल सकती है तथा मिलने वाले धन पर रोक भी लग सकती है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को लगघाटी के गांवों को जोड़ने वाली सड़कों का निरीक्षण किया गया है। यह उनकी कसौटी पर खरी उतरी हैं।

Related posts