जवान से बाइक छीन लुटेरे फरार

चिंतपूर्णी (ऊना)। उपमंडल के गांव बधमाना में रविवार सुबह नाटकीय ढंग से तीन युवक एक होमगार्ड जवान से बाइक छीनकर फरार हो गए। इससे पहले तीनों ने होमगार्ड को पीट-पीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। सुबह के वक्त पेश आई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बार्डर एरिया पर नाकेबंदी कर दी है। लुटेरों युवकों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक चिंतपूर्णी मंदिर में होमगार्ड के पद पर तैनात भद्रकाली निवासी विनोद कुमार पुत्र किशोरी लाल रविवार सुबह घर से ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी वक्त बधमाणा में तीन युवकों ने उसे मदद के लिए रोका। विनोद को ऐसा लगा कि शायद वह रास्ता पूछ रहे हैं। इससे पहले कि विनोद कुछ समझ पाता, तीन युवकों ने उसके सिर पर किसी चीज से वार कर दिया। जिसके चलते वह बुरी तरह से घायल हो गया। घबरा कर वह जंगल क्षेत्र की ओर भागा। इसी दौरान तीनों युवक उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। जिसकी सूचना विनोद ने चिंतपूर्णी थाना में दी। सुबह के वक्त पेश आई लूटपाट की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। डीएसपी अंब मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विनोद की सूचना पर हर तरफ नाकाबंदी कर दी गई। लेकिन, युवकों का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की छानबीन विनोद की ओर से बताए गए युवकों के हुलिये के आधार पर की जा रही है।

Related posts