
रोहडू। इंटक से संबंधित पंचायत जल रक्षक यूनियन की बैठक रविवार को रोहडू में जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। जल रक्षकों ने मुख्य रूप से अल्पकालीन से पूर्णकालीन कर्मचारी घोषित करने की मांग उठाई है।
जल रक्षक यूनियन रोहडू के उपप्रधान सुशील कुमार ने बताया कि बैठक के माध्यम से जल रक्षकों ने सरकार से मांग उठाई है कि जिन जल रक्षकों का कार्यकाल छह वर्ष से अधिक हो गया है, उन्हें दैनिक वेतन भोगी बनाया जाए। जल रक्षकों की नियुक्ति पानी भंडारण के टैंकों में दवाइयां डालने तथा पानी की कंट्रोलिंग के लिए की गई थी। लेकिन, रक्षकों से पूरे-पूरे दिन कार्य लिया जा रहा है। लेकिन कार्य के अनुरूप वेतन नहीं दिया जा रहा है। जल रक्षकों को 1350 रुपये का नाममात्र वेतन दिया जा रहा है। महंगाई के दौर में घर का खर्च चलाना जल रक्षकों के लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग उठाई है कि जल रक्षकों को काम के अनुसार वेतन दिया जाए। उन्होंने बताया कि जल रक्षकों की अगली बैठक सात जुलाई को रोहडू में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर सुनील नेगी, रजनीश चौहान, पंकज कुमार, कपिल देव, राजेश शर्मा, बबलू राम, विशाल, राजपाल, महेंद्र सिंह, बालक राम, शमशेर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राज कुमार, जयपाल, जसवंत सिंह, प्रेम राज सहित कई जल रक्षक उपस्थित थे।
