
लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक जमींदार ने अपने खेत में दाखिल होने पर छह साल की बच्ची के पीछे कुत्ता छोड़ दिया। इस हमले में बच्ची की नाक चली गई। पुलिस के अनुसार मुजफ्फरगढ़ जिले के जातोई इलाके में करीब दो सप्ताह पहले जब प्याज के खेत में कुछ बच्चे घुस गए, तो खेत के मालिक ने उनके पीछे अपने पालतू कुत्तों को छोड़ दिया। एक कुत्ते ने छह साल की जुबैदा पर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बच्ची को कुत्ते के चंगुल से मुक्त कराया और एक स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जुबैदा को बाद में मुल्तान स्थित निशतर अस्पताल स्थानांतरित किया गया। चिकित्सकों का कहना है कि बच्ची की प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी। स्थानीय चैनलों में इस खबर को दिखाए जाने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच का आदेश दिया है।
