जल्द समस्या न सुधरी तो होगा आंदोलन

बद्दी (सोलन)। प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड निवासी इन दिनों बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। हाउसिंग बोर्ड के करीब 1500 परिवार इस समस्या से जूझ रहे हैं। कड़ाके ही इस गर्मी में कम वोल्टेज आने से लोगों के विद्युत उपकरण शोपीस बने हुए हैं। इस कारण लोग गर्मी से बेहाल हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति सही नहीं की गई तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
बद्दी के हाउसिंग बोर्ड में करीब पंद्रह सौ परिवार की पांच हजार से अधिक आबादी है। यहां पर बिजली की खपत पांच एमबीए है, जबकि वर्तमान में तीन एमबीए ही सप्लाई जा रही है। खपत अधिक होने से ट्रांसफार्मर के ऊपर लोड अधिक पड़ रहा है। इस कारण लोगों को कम वोल्टेज मिल रही है।
हालात यह है कि न तो लोगों के कूलर चल रहे हैं न ही एसी। कम वोलटेज से बिजली के पंखे और ट्यूब लाइटें भी टिमटिमा रही हैं। यहां पर दिन का तापमान 45 डिग्री के आसपास है। ऐसे में लोग गर्मी से झुलस रहे हैं। स्थानीय निवासी सुरेंद्र हमीरपुरी, संजीव शर्मा, रमेश कुमार, पवन कुमार, ईश्वर चंद और बिट्टू ने बताया कि एक ओर गर्मी बढ़ रही है वहीं दूसरी ओर बिजली की कम वोल्टेज की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
उधर, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता रघुनाथ ने बिजली कम वोल्टेज की समस्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से यहां पर बिजली के तीन नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इसके लिए स्ट्रक्चर तैयार कर दिया गया है। एक माह के भीतर ट्रांसफार्मर लगा दिए जाएंगे।

Related posts