जल्द बनेगा बंजार अस्पताल भवन : कर्ण

बंजार (कुल्लू)। विधायक कर्ण सिंह ने कहा है कि नागरिक अस्पताल बंजार के भवन के लिए 72 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। आने वाले दिनों में इस अस्पताल का विस्तार कर इसे सौ बिस्तर वाला अस्पताल बनाया जाएगा। बुधवार को नागरिक अस्पताल बंजार में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत अपना अस्पताल घागस के सहयोग से आयोजित किए जा रहे सात दिवसीय मुफ्त मल्टी स्पेशिलिटी सर्जिकल कैंप का शुभारंभ करते हुए कर्ण सिंह ने यह जानकारी दी। 29 अक्तूबर तक चलने इस शिविर में जाने-माने सर्जन गुर्दे की पथरी, पित्ते की पथरी, हर्निया, बच्चेदानी की रसौली और आंखों के ऑपरेशन करेंगे। कर्ण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए कृतसंकल्प है। बंजार के सभी चिकित्सा और शिक्षण संस्थानों में खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है। इससे पहले बीएमओ डॉ. एमएल शासनी ने विधायक का स्वागत किया और बंजार में दी जा रही विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने विधायक का धन्यवाद किया और बंजारवासियों से सर्जिकल कैंप का लाभ उठाने की अपील की। कैंप के शुभारंभ पर महिला कल्याण बोर्ड की सदस्य शारदा कटोच, बीडीसी अध्यक्ष प्रभा पालसरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल और बड़ी संख्या में मेडिकल चैकअप के लिए दूरदराज के गांवों से आए लोग भी उपस्थित थे।

Related posts