जल्द चकाचक होंगी बर्फ से अटी सड़कें

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। डीसी लाहौल-स्पीति वीर सिंह ठाकुर ने घाटी के तमाम संपर्क मार्गों को बहाल करने के लिए घाटी से बाहर छुट्टी पर गए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द घाटी लौटने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पांच मार्च से बोर्ड की परीक्षाएं भी शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में संपर्क मार्गों के बहाल होने से स्कूली छात्र-छात्राओं को भी आवाजाही में बेहतर सुविधा मिलेगी। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए डीसी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द लाहौल पहुंचने के साथ ही कमर कसने को कहा है। भारी बर्फबारी के चलते लाहौल घाटी के दो सौ से अधिक संपर्क मार्ग दिसंबर से बंद हैं। इस बीच लोगों को बर्फ के बीच ही कदमताल करनी पड़ रही है। मौसम खुलने के साथ ही मार्च माह के पहले सप्ताह से बर्फ हटाने का काम शुरू होने से दुर्गम क्षेत्र मयाड़ घाटी की हजारों आबादी को राहत मिलेगी। कई बार रोहतांग दर्रा बहाल हो जाता है। उसके बाद ही मयाड़ घाटी के लिए मार्ग खुलते हैं। लिहाजा, प्रशासन इस बार मयाड़ घाटी के लोगों को समय के साथ राहत देने जा रहा है। डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि सीमा सड़क संगठन ने घाटी के भीतर मुख्य सड़कों को खोलने में कोई कसर नहीं रखी है। अब समय के साथ ही लोनिवि को घाटी के संपर्क मार्गों को खोलने में जुट जाना चाहिए।

Related posts