
कुल्लू। भारी बर्फबारी के बाद मौसम खुलने से अब यह बर्फ ग्रामीण लोगाें के लिए मुसीबत बन गई है। घाटी में अब खतरा पहले से अधिक बढ़ गया है। जिले में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट करते हुए लोगों को बर्फीली जगहों पर ऐहतियात करने को कहा है। उपायुक्त कुल्लू राकेश ने बताया कि जिला में भारी हिमपात हुआ है। इसकी जद में सैकड़ों गांव आए हैं और मौसम खुलने पर हिमखंड का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोग मौसम को भांपकर ही घर से बाहर निकलें। डीसी ने जलोड़ी दर्रा सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में फिलहाल आवाजाही न करने को कहा है। दो दिन तक जारी रही बर्फबारी से जिले के सैकड़ों गांव भारी बर्फबारी की जद में आकर उपमंडल सहित जिला मुख्यालय से कट गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी बाह्य सराज के लोगों के अलावा लगवैली, मणिकर्ण, बंजार की तीन कोठी तथा निरमंड के पंद्रह-बीस इलाके सहित पूरी ऊ झी घाटी का जनजीवन अस्त-व्यस्त चल रहा है। धूप खिलने पर बर्फ पिघलने की स्थिति में पहाड़ों तथा पेड़ों में टिकी बर्फ हिमस्खलन का रूप धारण कर लेती है, जो लोगों की आवाजाही में हादसे का कारण बन सकती है। इसी स्तर पर उपायुक्त कुल्लू ने लोगाें को सतर्क रहने को कहा है। आनी, बंजार, कुल्लू व मनाली के एसडीएम को नजर रखने के लिए कहा गया है।
