
ऊना। क्षेत्र के जलग्रां में मंगलवार को बस और स्कूटर में जोरदार भिड़ंत होने से स्कूटर सवार युवक की मौत हो गई। युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान तिलक राज निवासी लंगमजारी मांगेवाल जिला रोपड़ पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को जलग्रां के पास पंजाब रोडवेज की बस और स्कूटर की भिड़ंत हो गई। इसमें स्कूटर पर सवार तिलक राज गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
