
नयी दिल्ली, (वार्ता) : राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने जर्मनी को भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार देश बताते हुए आज कहा कि दोनों देशों के बीच लोकतंत्र, कानून के शासन और व्यक्तिगत आजादी के समान मूल्यों की मजबूत नींव पर आधारित कूटनीतिक साझेदारी है।
जर्मनी के एकीकरण दिवस पर संघीय जर्मनी गणराज्य के राष्ट्रपति जोचिम गौक को भेजे संदेश में श्री मुखर्जी ने कहा,”आपके महान देश के ऐतिहासिक एकीकरण दिवस के अवसर पर मैं भारत सरकार और लोगों की ओर से आपको और जर्मनी के मैत्रीपूर्ण लोगों को बधाई देता हूं।” उन्होंने कहा, “आज हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी,व्यापार और निवेश, ढांचागत निर्माण, सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा, सुरक्षा और रक्षा,उच्च प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच सम्पर्क सहित साझा हित के व्यापक क्षेत्रों में अपनी लाभदायक साझेदारी का फायदा उठा रहे हैं। मुझे भरोसा है कि आगामी वर्षों में हमारे संबंध और मजबूत होंगे तथा नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।”
श्री मुखर्जी ने कहा,”मुझे खेद है कि इस साल मैं जर्मनी की यात्रा पर नहीं जा पाया लेकिन मुझे अन्य अवसर का इंतजार है, जब हम मिल सकेंगे। मैं जर्मनी के लोगों की निरन्तर प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।”
