जर्जर छत के नीचे पढ़ाई करते हैं बच्चे

हमीरपुर। जिला के अंतर्गत ख्याह प्राथमिक और हाई स्कूल की कहानी भी अन्य स्कूलों की तरह ही है। प्राथमिक तथा हाई स्कूल परिसर में जर्जर हो चुका कमरा छात्रों पर खतरा बना हुआ है। स्कूल प्रबंधन कई बार कमरे को डिसमेंटल करने के लिए पत्र लिख चुका है। पंचायत की ओर से भी समस्या को उठाया जा चुका है परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्राथमिक स्कूल में चार दर्जन छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जिनके लिए दो कमरे उपलब्ध हैं। मजबूरी में कक्षाएं खस्ताहाल कमरे के बरामदे में भी लगानी पड़ती हैं। दूसरी ओर हाई स्कूल ख्याह में चार कमरे उपलब्ध हैं। हाल में मुख्याध्यापक कक्ष अलग से बना है। पांच कक्षाओं के छात्र चार कमरों, बरामदे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। खस्ताहाल कमरा भवन के साथ ही स्थित है, इसलिए हाई स्कूल के छात्र भी खतरे की जद में ही हैं।
560 कनाल सरकारी भूमि के टुकड़े में से 8 कनाल 14 मरले भूमि प्राथमिक स्कूल के नाम पर है लेकिन किस किनारे पर है, कौन सा हिस्सा है कोई स्पष्टता नहीं है। एक साल पहले राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग से भूमि की डिमार्केशन करवाने का आग्रह किया गया पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। राजस्व विभाग के कर्मचारी, अधिकारी केवल आश्वासन मात्र दे रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने नए भवन के लिए 70 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार करवाया है लेकिन भूमि के कागजात नहीं मिल पाने के कारण बजट के लिए प्रस्ताव नहीं भेजा जा सका। स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान हेम लता का कहना है कि बार-बार आग्रह के बावजूद ततीमा, कागज राजस्व विभाग से नहीं मिल पाए हैं, जिस कारण अतिरिक्त भवन निर्माण नहीं हो पा रहा है। कमरों की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत प्रधान मस्तराम शर्मा का कहना है कि समस्या को लेकर तहसीलदार से मिले थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर आरसी तबियाल का कहना है कि स्कूल प्रबंधन से रिपोर्ट लेकर शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे जिससे समस्या का समाधान किया जा सके।

हमें दें जानकारी …..
यदि आपके आसपास स्थित स्कूल भवन की हालत खस्ता है। बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। बार-बार आग्रह के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है तो हमें बताएं हम आपकी समस्या को बेहतर ढंग से विभाग के समक्ष उठाएंगे। सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को लेकर आप हमें अपनी प्रतिक्रिया भी भेज सकते हैं। विभाग को सुझाव भी दिए जा सकते हैं, आप हमें निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यालय दूरभाष….01972-221540, फैक्स…..01972-221720

Related posts