
उत्तरकाशी। उद्योग लगाकर स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया कराने के आश्वासन पर उद्योग विभाग की ओर से खरीदी गई जमीन अब ग्रामीण वापस मांगने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उद्योग विभाग यहां आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई करने के बजाय बाहरी लोगों को पट्टे पर जमीन बांटने की तैयारी कर रहा है।
गणेशपुर गांव के पूर्व प्रधान बिहारीलाल, युवक मंगल दल अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह, नंदा देवी, धर्मवीर मखलोगा, अनूप राणा, युद्धवीर और विजय सिंह पडियार आदि ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों पूर्व उद्योग विभाग ने गरमपानी में ग्रामीणों की बेशकीमती जमीन महज तीन हजार रुपये प्रति नाली की दर से खरीदी थी। भूमि क्रय करते समय आश्वासन दिया गया था कि यहां उद्योग लगाकर स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अब उद्योग विभाग यह जमीन बाहरी लोगों को पट्टे पर आवंटित करने की तैयारी कर रहा है। इसे नियम विरुद्ध बताते हुए ग्रामीणों ने अपनी जमीन वापस करने की मांग की है। उन्होंने जमीन वापस न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के लोगों को ही देंगे रोजगार
गणेशपुर में ग्रामीणों से खरीदी गई जमीन पर औद्योगिक आस्थान विकसित किया जा रहा है। इसमें स्थानीय उद्यमियों को उद्योग लगाने के लिए भूमि आवंटित की जा रही है। स्थानीय संसाधनों पर आधारित इन उद्योगों में क्षेत्र के लोगों को ही रोजगार मिलेगा। – डा. एमएस सजवाण, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तरकाशी।
