
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के घनारी में जमीनी विवाद को लेकर सगे भाइयों में खून-खराबा हो गया। इसमें दो सगे भाइयों ने अपने ही तीसरे भाई पर हमला कर उसे घायल कर दिया है, जबकि मारपीट करने के बाद एक ने उसे कमरे मे बंद कर दिया। घायल को उपचार और मेडिकल के लिए गगरेट स्थित प्रथम रेफरल इकाई अस्पताल में ले जाया गया है, जबकि पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर उसके अन्य दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। जमीन को लेकर भाइयों में हुई इस मारपीट की घटना से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार भी गर्म रहा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशविंद्र सिंह पुत्र परस राम निवासी घनारी ने शिकायत दर्ज करवाई कि सोमवार को जमीनी विवाद के कारण उसी के दोनों भाइयाें केवल सिंह, मनीष कुमार पुत्र परस राम ने बहसबाजी शुरू कर दी। जब कुशविंद्र सिंह ने उनका विरोध किया तो वे मारपीट पर उतारू हो गए। उसने आरोप लगाया कि दोनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और बाद में केवल सिंह ने उसको कमरे में बंद कर दिया। काफी शोर मचाने के बाद आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला। एसपी केसी शर्मा ने वारदात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ आईपीसी की धारा 342, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि घायल का मेडिकल और उपचार करवाया जा रहा है।
