जमीनी विवाद में भिड़े दो गुट, चार घायल

मैड़ी (ऊना)। मैड़ी में जमीन के विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों की ओर से लगभग आधा दर्जन लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। इसमें महिला सहित चार लोग जख्मी हो गए। उन्हें मेडिकल के लिए अंब अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मैड़ी निवासी पृथ्वी पाल सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई कि जमीन के विवाद के कारण हरविंद्र और उसके तीन बेटों बबली, मनदीप, संदीप ने उनके साथ मारपीट की है। इससे उन्हें और उनके पुत्र को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हरविंद्र और इसके तीन लड़कों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, दूसरे पक्ष की ओर से से मैड़ी निवासी हरविंद्र की पत्नी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जमीन के विवाद के चलते पृथ्वी पाल और उसके तीन पुत्रों रिंपी, जॉनी, जिम्मी ने उनके एवं उनके पति साथ मारपीट की है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।

Related posts