जमीनी विवाद में फंसे सुक्खू, CM वीरभद्र भी जांच कराने को हैं तैयार

  • जमीनी विवाद में फंसे सुक्खू, CM वीरभद्र भी जांच कराने को हैं तैयार
हमीरपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू राजनीतिक चाल में फंसते नजर आ रहे हैं। नादौन में एक जमीनी विवाद में उनका नाम सामने आने पर यहां नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने बीजेपी की चार्जशीट में उनका नाम शामिल करने की बात कह डाली थी तो अब हमीरपुर पहुंचे वीरभद्र सिंह ने भी कह दिया है कि सरकार को जांच कराने कोई गुरेज नहीं है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की डी.पी.आर. कोई खिलौना नहीं है कि 2 मिनट में बन जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र भूतल मंत्री द्वारा प्रदेश को घोषित किए गए 61 राष्ट्रीय राजमार्गों की डी.पी.आर. बनाने में और 2-3 वर्ष लगेंगे तथा इनका कार्य शुरू होने में 25 वर्ष लग जाएंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांग्रेस नेता राजेंद्र जार के बेटे की शादी में विशेष रूप से भाग लेने के उपरांत अनौपचारिक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों की पूरी जानकारी के बाद क्या कदम उठाना है, उसके बारे में सरकार सोचेगी तथा जरूरी हुआ तो सरकार जांच भी करवाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक षड्यंत्र के तहत उन पर और कांग्रेस पार्टी पर झूठे भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है लेकिन भाजपा के ये मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पत्रकारों के एक सवाल के उत्तर में कहा कि फोरलेन प्रभावितों को मुआवजा प्रदेश सरकार नहीं बल्कि भारत सरकार देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फोरलेन प्रभावितों को 4 गुना मुआवजा देने की घोषणा पूर्व यू.पी.ए. सरकार ने की थी लेकिन अब केंद्र में एन.डी.ए. सरकार है इसलिए उसी को फोरलेन प्रभावितों को मुआवजा देना होगा। उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के उत्तर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हिमाचल में आने पर कुछ भी मांग प्रदेश सरकार नहीं रखेगी बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल आने पर प्रदेश सरकार स्वागत करेगी।

Related posts