
अंब (ऊना)। क्षेत्र के नकड़ोह में जमीनी विवाद को लेकर दो गुटाे में खूनी संघर्ष हो गया। वारदात में एक ही परिवार के चार लोग लहूलुहान हो गए हैं। इन्हें उपचार एवं मेडिकल के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौका- ए- वारदात पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील दत्त निवासी नकड़ोह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि वह शाम को अपनी साइकिल पर घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही योगराज नामक शख्स ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी और बाद में उस पर हमला बोल दिया। शोर मचाने पर उसके परिजन बीच बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, तो योगराज सहित अन्य तीन लोगों ने उन पर भी हमला कर दिया। उन पर जमकर लाठियां बरसाईं। उसके घर के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि पुलिस ने घायलों को उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है। चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वारदात का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
