
रामनगर। एक नटवरलाल ने जेल में बंद दो आरोपियों की जमानत कराने के लिए फर्जी कागजात तैयार कर दिए। सोमवार की शाम पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट ने मुखबिर की सूचना पर चिल्किया तिराहे के पास युनुस (50) निवासी मोहल्ला अल्लीखां काशीपुर को गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर उसके पास मिले दस्तावेज फर्जी पाए गए। एसआई जांच अधिकरी नीलाभ खाली ने बताया कि शहर में व्यापारी से हुई सात लाख की लूट के आरोपी अनिल उर्फ शशि और अखिलेश निवासी मुरादाबाद की जमानत के लिए युनुस ने जाली दस्तावेज तैयार किए। इसके अलावा काशीपुर निवासी चार लोगों के चिल्किया रामनगर के पते पर फर्जी मतदाता पहचान पत्र भी तैयार करा दिए। फर्जी हस्ताक्षरों के बल पर तहसीलदार और कोतवाली की तस्दीक रिर्पोट भी तैयार कर ली गई थी। बस दस्तावेजोंको वकील तक पहुंचाना था। एसआई ने बताया कि युनुस का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जिन वकीलों के नाम सामने आए हैं, उनकी भी जांच की जाएगी।
